बिट्टू की कहानी

वीडियो बिट्टू की कहानी
https://ndtv.in/madhya-pradesh-chhattisgarh/bittu-tabahi-ajnar-river-cleanup-anand-mahindra-viral-success-story-river-pollution-rajgarh-biaora-12002563
 
एक युवक का संकल्प और नदी का पुनर्जन्म
कभी-कभी एक इंसान का पक्का संकल्प वह काम कर दिखाता है जिसे पूरा समाज मिलकर भी नहीं कर पाता। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के एक इक्कीस  साल के लड़के , बिट्टू तबाही, ने यह साबित कर दिया कि यदि कोई कुछ करना चाहे तो सच में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने अकेले ही अजनार नदी की सफाई करने की सोची और कुछ ही महीनों में नदी साफ़ हो गई।
अजनार नदी कभी जीवंत थी। इसका जल लोगों की ज़रूरतों  को पूरा करता था और नदी में मछलियाँ, कमल सब कुछ था। लेकिन समय के साथ लोगों ने इस नदी में कचरा, प्लास्टिक की बोतलें, कूड़ा जैसी चीज़ें डालनी शुरू कर दी इसने नदी को बहुत गंदा कर दिया। धीरे-धीरे नदी से बदबू आने लगी और प्रदूषण बढ़ने लगा।  
बिट्टू तबाही ने जब इसको देखा तो उसको बहुत दुख हुआ। उसने सोचा कि नदी की सफ़ाई नहीं हुई तो लोग बीमार पड़ जाएँगे। इसलिए 26 जनवरी 2026 को उन्होंने अजनार नदी की सफाई का संकल्प लिया। शुरुआत में कुछ लोग उनके साथ जुड़े, लेकिन समय के साथ वे अकेले ही इस काम को आगे बढ़ाते रहे। वे प्रतिदिन नदी में उतरकर प्लास्टिक और अन्य कचरे को निकालते थे। यह काम न तो आसान था और न ही जल्दी पूरा होने वाला था, फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी।
लगातार तीन महीनों की मेहनत के बाद उनके प्रयासों का परिणाम दिखाई देने लगा। नदी का पानी पहले से ज़्यादा साफ होने लगा । बिट्टू अपने अभियान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते रहे, जिससे उनके काम की जानकारी दूर-दूर तक पहुँची।
बिट्टू की कहानी केवल एक नदी की सफाई की कहानी नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी और सामाजिक जागरूकता की कहानी भी है। उनके प्रयासों ने यह संदेश दिया कि पर्यावरण को बचाने की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी संस्था की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है। जब हम अपने आसपास की समस्याओं को पहचानते हैं और उसको ठीक करने का उपाय करते हैं, तब सचमुच  बदलाव होता है।
आज बिट्टू तबाही की कहानी हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करती है कि यदि एक युवक अकेले एक प्रदूषित नदी को नया जीवन दे सकता है, तो हम अपने आसपास के पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए क्या कर सकते हैं।
शब्दावली
संकल्प m. determination, resolve
बदलाव m. change
साबित करना v. to prove
कचरा m. garbage, trash
कूड़ा m. waste, rubbish
प्रदूषण m. pollution
जुड़ना v. to join
प्रतिदिन adv. every day
प्रयास m. effort
परिणाम m. result
अभियान m. campaign
साझा करना v. to share
जिम्मेदारी f. responsibility
जागरूकता f. awareness
पर्यावरण m. environment
संस्था f. organization, institution
नागरिक m. citizen
प्रेरित करना v. to inspire
 
प्रश्न के उत्तर दीजिए
  1.   बिट्टू तबाही ने अजनार नदी की सफाई का निर्णय क्यों लिया?
  2.   अजनार नदी की स्थिति खराब होने के क्या कारण थे?
  3.   इस लेख से हमें पर्यावरण संरक्षण के बारे में क्या सीख मिलती है?
  4.   क्या एक व्यक्ति समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है? उदाहरण सहित बताइए।
 
अपने साथी से बातचीत कीजिए
1)  यदि आप बिट्टू की जगह होते, तो क्या आप अकेले ऐसा काम शुरू करते? क्यों?
2)  क्या पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी है? अपने विचार दीजिए।
3)  आपके शहर या विश्वविद्यालय में पर्यावरण से जुड़ी कौन सी समस्या है?
4)  एक व्यक्ति समाज में परिवर्तन कैसे ला सकता है?
5)  सोशल मीडिया का उपयोग सामाजिक कार्यों के लिए कैसे किया जा सकता है?
6)  आप अपने शहर या विश्वविद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के लिए क्या करना चाहेंगे?
Small Group Discussion
अपने समूह में चर्चा कीजिए:
“यदि आपके पास अपने समुदाय को बेहतर बनाने के लिए केवल एक महीना हो, तो आप कौन सा अभियान शुरू करेंगे और क्यों?”

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *